कांकेर

भारी बारिश के बीच स्कूल-आंगनबाड़ी बंद
25-Sep-2026 9:45 PM
भारी बारिश के बीच स्कूल-आंगनबाड़ी बंद

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 25 सितंबर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है। अधिकारियों को मौसम और स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मैदानी अमले को भी मौसम एवं स्थानीय परिस्थितियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

इधर, कलेक्टर ने कांकेर शहर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दूध नदी किनारे स्थित शांति नगर वार्ड, भंडारीपारा के महादेव वार्ड और मनकेशरी के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। नदी किनारे बसे लोगों से चर्चा कर उन्हें जलस्तर बढऩे की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी।

कलेक्टर ने नगर पालिका को संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, रेड फ्लैग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। पुलिस, होमगार्ड, नगरपालिका और राजस्व अमले को भी सतर्क रहते हुए लगातार निगरानी करने कहा गया है।

 उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरत पडऩे पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित सरपंच एवं सचिव को नदी किनारे की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जलभराव एवं बाढ़ को देखते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने तथा नदी-नालों के समीप नहीं जाने की अपील की है। -


अन्य पोस्ट