कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 24 सितंबर। गोविंदपुर में मेडिकल छात्रा की स्कूटी को टक्कर मारकर मौके से बस लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के तीसरे दिन भी मामले में प्रमुख आरोपी बताए जा रहे बस चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है।
बताया गया कि मंगलवार दोपहर रायपुर की ओर जा रही दुबे ट्रैवल्स की बस ने गोविंदपुर क्षेत्र में मेडिकल छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर रोकने के बजाय बस लेकर वहां से निकल गया। दुर्घटना में छात्रा सडक़ से दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई, जबकि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। टक्कर के बाद स्कूटी के करीब 20 मीटर तक घसीटे जाने की बात भी सामने आई थी।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया था। छात्रों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की थी।
मामले में शुरुआती स्तर पर एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे थे। अब पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है, लेकिन घटना के बाद से फरार चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।
पुलिस द्वारा आरोपी चालक की तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।