कांकेर

75 बोरा संदिग्ध तंबाकू जब्त, नागपुर के सप्लायर से दल्लीराजहरा के डीलर तक जुड़ी कड़ी
23-Sep-2026 11:06 PM
75 बोरा संदिग्ध तंबाकू जब्त, नागपुर के सप्लायर से दल्लीराजहरा के डीलर तक जुड़ी कड़ी

डुप्लीकेट माल की सप्लाई का आरोप, दो नामजद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 23 सितम्बर। नकली शराब के नेटवर्क का खुलासा होने के बाद अब भानुप्रतापपुर पुलिस ने संदिग्ध नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक छोटे मालवाहक से करीब 75 बोरा संदिग्ध तंबाकू जब्त किया है।

 प्रारंभिक जांच में इस मामले के तार महाराष्ट्र के नागपुर से लेकर दल्लीराजहरा तक जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में नागपुर निवासी सचिन ठाकरे को कथित सप्लायर और दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को कथित डीलर के रूप में नामजद किया है। दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है, हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में ‘ऊं सुरेश छाप’ तंबाकू के नाम और मार्का का डुप्लीकेट माल खपाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम 18 सितंबर को क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सीजी 08 बीएच 6398 नंबर का एक छोटा मालवाहक वाहन पुलिस के संदेह के दायरे में आया।

वाहन को रोककर पुलिस ने चालक से पूछताछ की तथा उसमें लदे माल से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर वाहन को थाने लाकर उसकी जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू के बोरे पाए गए। पुलिस ने करीब 75 बोरा संदिग्ध तंबाकू जब्त कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर जानकारी मिली कि यह माल नागपुर निवासी सचिन ठाकरे के माध्यम से सप्लाई किया जा रहा था, जबकि दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को इसका डीलर बताया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 तथा बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

कहां तैयार हुआ, कहां-कहां पहुंचा माल?

बड़ी मात्रा में संदिग्ध तंबाकू की खेप मिलने के बाद पुलिस अब इसके पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि कथित डुप्लीकेट तंबाकू कहां तैयार किया जा रहा था, इसकी पैकिंग और मार्का किस स्तर पर तैयार किया गया तथा भानुप्रतापपुर और आसपास के किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

नकली उत्पादों को लेकर फिर उठे सवाल

गौरतलब है कि करीब 13 दिन पहले ही भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली शराब तैयार करने और खपाने से जुड़े एक मामले का खुलासा किया था। अब बड़ी मात्रा में संदिग्ध तंबाकू की खेप पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि तंबाकू के नकली होने तथा पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति पुलिस की विस्तृत जांच और संबंधित कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।

फिलहाल मामले में दो लोगों को नामजद कर अपराध दर्ज किया गया है और किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जब्त माल के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।


अन्य पोस्ट