कांकेर
भानुप्रतापपुर में रात से सुबह तक दो हादसे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 21 सितंबर। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में रविवार की तडक़े मवेशियों के लिए काल साबित हुई। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में 14 मवेशियों की मौत हो गई। पहला हादसा 19-20 सितंबर की दरमियानी रात भैंसाकन्हार के पास पटरी पर हुआ, जहां ट्रेन की चपेट में 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रविवार सुबह करीब 5 बजे नगर के मुख्य चौक पर सडक़ पर बैठे चार मवेशियों को एक अज्ञात भारी वाहन ने कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, भैंसाकन्हार पटरी के पास रात के समय मवेशियों का झुंड पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और 10 मवेशी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
पशुपालक रमेश उइके के अनुसार, रेलवे लाइन के दोनों ओर लंबा मोड़ होने के कारण ट्रेन काफी नजदीक आने के बाद ही दिखाई देती है। ऐसे में मवेशियों को समय रहते पटरीसे हटाना संभव नहीं हो सका।
दूसरी घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक पर हुई। सडक़ पर बैठे चार मवेशियों को तेज रफ्तार अज्ञात भारी ट्रक ने कुचल दिया। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में चारों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीएम गंगाधर वाहिले प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत मवेशियों का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। प्रशासन ने पीडि़त पशुपालक को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।