कांकेर

गांजा तस्करी का फरार आरोपी सुकमा से बंदी
07-Sep-2026 10:45 PM
 गांजा तस्करी का फरार आरोपी सुकमा से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 7 सितंबर। गांजा तस्करी में फरार आरोपी को कांकेर पुलिस ने सुकमा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को सिटी कोतवाली पुलिस की टीम कांकेर बायपास स्थित आवासपारा मनकेशरी चौक के पास वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान सीजी 08 बीजी 6871 नंबर की एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने कार का पीछा किया, लेकिन चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 20.235 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 21 हजार 410 रुपये बताई गई है।

मामले में सिटी कोतवाली कांकेर में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण में दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि अजीम खान उर्फ सलीम खान सुकमा घटना के बाद से फरार था। विवेचना के दौरान 4 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सुकमा जिले के पट्टनमपारा में रह रहा है। सूचना के आधार पर पीएसआई जोंटी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पट्टनमपारा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद उसे 5 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट