कांकेर

बस्तर आर्ट पार्क में जन सहयोग ने चलाया स्वच्छता अभियान
07-Sep-2026 10:43 PM
बस्तर आर्ट पार्क में जन सहयोग ने चलाया स्वच्छता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 7 सितंबर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने स्थित बस्तर आर्ट पार्क लंबे समय से गंदगी, कचरे और बरसाती घास-फूस के कारण बदहाल नजर आ रहा था। पार्क में जगह-जगह उगी कांटेदार झाडिय़ां और जमा कचरे के कारण यहां लोगों का घूमना-फिरना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे में समाजसेवी संस्था जन सहयोग ने पहल करते हुए रविवार को पार्क में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।

संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में युवाओं की टीम सुबह 7 बजे पार्क पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे तक लगातार श्रमदान कर साफ-सफाई की। बरसात के कारण पार्क में उगी अनावश्यक घास और कांटेदार झाडिय़ों को हटाने के साथ ही जगह-जगह बिखरे कचरे को एकत्र किया गया। बताया गया कि पार्क में शराब का सेवन करने वालों द्वारा बड़ी मात्रा में कचरा फैलाए जाने से भी यहां की स्थिति खराब हो गई थी।

अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि अभियान के दौरान पार्क की करीब 90 प्रतिशत सफाई पूरी कर ली गई है। शेष हिस्से की सफाई भी जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन सहयोग का उद्देश्य केवल एक पार्क की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि कांकेर शहर के छोटे-बड़े सभी पार्कों को स्वच्छ और सुंदर बनाकर उन्हें बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी बनाना है। जन सहयोग की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।

अभियान में अजय पप्पू मोटवानी के साथ धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव, डॉ. श्याम देव, सागर देव, आशुतोष देव, दिलीप कुमार गंजीर, अखिलेश साहू, दोमेश वलेचा, संजय कुंजाम, संजय मोटवानी, अनिल वर्मा, चंद्र नेताम सहित अन्य युवाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।


अन्य पोस्ट