कांकेर

5 फीसदी ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का झांसा, 500 लोगों से 70 करोड़ की ठगी, 2 बंदी
07-Sep-2026 3:28 PM
5 फीसदी ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का झांसा, 500 लोगों  से 70 करोड़ की ठगी, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर,7 सितंबर। निवेश पर हर माह 5 फीसदी ब्याज और महज डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का अंतागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयाशंकर साहू निवासी जशपुर, हाल भिलाई तथा नितिन निर्मलकर निवासी दुर्ग, हाल रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में रकम निवेश करने पर आकर्षक ब्याज और निर्धारित अवधि में राशि दोगुनी करने का भरोसा दिलाया गया था। आरोपियों ने कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को इस योजना का झांसा देकर कंपनी में बड़ी रकम निवेश कराई।

आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए भी प्रेरित किया गया और कर्ज के रूप में मिली पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई गई। शुरुआत में निवेशकों को कुछ किश्तों का भुगतान किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता गया। बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और निवेशकों की जमा राशि लेकर आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल कांकेर और अंतागढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा जिला बेमेतरा से तथा नितिन निर्मलकर को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ और विवेचना के आधार पर दोनों को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112, 34 भादवि में अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है। पुलिस अब निवेशकों की संख्या, जमा रकम, कंपनी से जुड़े अन्य लोगों और कथित ठगी में शामिल नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट