कांकेर

बस संचालकों को किराया सूची चस्पा करने और नियमों के पालन के निर्देश
05-Sep-2026 3:07 PM
बस संचालकों को किराया सूची चस्पा  करने और नियमों के पालन के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 5 सितंबर।  यात्री बसों में निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के संदर्भ में कांकेर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) दीपक साव और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रकाश रावटे उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक यात्री बस में किराया सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करना अनिवार्य किया गया है। इससे यात्री यह जान सकेंगे कि निर्धारित मार्ग के लिए वास्तविक किराया कितना है और उनसे अतिरिक्त राशि वसूली तो नहीं जा रही। बस संचालकों को यात्रियों से शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस और परिवहन विभाग की यह पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब यात्रियों की ओर से अक्सर निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने और किराए में मनमाने तरीके से बढ़ोतरी किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। अब जांच के दौरान किराया सूची और वास्तविक वसूली में अंतर मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कहीं भी बस रोककर यात्री चढ़ाने-उतारने पर भी रोक

बसों को निर्धारित स्टॉपिंग स्थल पर ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। घड़ी चौक, सेन चौक, बरदेभाटा चौक, ज्ञानी चौक, बस स्टैंड एवं मस्जिद चौक सहित निर्धारित स्थलों पर ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने को कहा गया है। इसके अलावा ओवरस्पीड पर रोक, चालक-परिचालक का सत्यापन, निर्धारित यूनिफॉर्म, चालक और बस मालिक का नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने तथा यात्रियों के सामान की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस एवं आरटीओ विभाग अब यात्री बसों की नियमित जांच और सतत निगरानी करेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी अथवा यात्रियों के साथ मनमानी पाए जाने पर बस संचालक, चालक या परिचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट