कांकेर

कांकेर पुलिस ने नष्ट किया साढ़े 83 लाख का मादक पदार्थ
04-Sep-2026 8:47 PM
कांकेर पुलिस ने नष्ट किया साढ़े 83 लाख का मादक पदार्थ

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 4 सितंबर। 
पुलिस ने विभिन्न एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। जिला पुलिस ने 32 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त 178.100 किलोग्राम गांजा, 565 नग नशीली टैबलेट और 121 नग नशीली सिरप, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 83 लाख 40 हजार 388 रुपये है, को भस्मीकरण संयंत्र में नष्ट किया।

यह कार्रवाई 3 सितंबर को जिला बस्तर के जगदलपुर अंतर्गत थाना कोड़ेनार क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायकोट स्थित वज्र मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड के भस्मीकरण संयंत्र में जिला स्तरीय नष्टीकरण समिति की निगरानी में की गई।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा  की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में कार्रवाई संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एनडीपीएस के नोडल अधिकारी योगेश साहू तथा कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार तोकापाल गजेंद्र सिंह मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, उच्चतम न्यायालय के निर्देशों तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया अपनाई गई। नष्टीकरण से पहले समिति और गवाह पंचों की मौजूदगी में जब्त सामग्री की तौल कर पंचनामा तैयार किया गया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मादक पदार्थों को भस्मीकरण यंत्र के माध्यम से पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान वैज्ञानिक पर्यावरण विभाग जगदलपुर घनश्याम सिंह, जिला आबकारी अधिकारी कांकेर मधुकर श्याम हरित, उपनिरीक्षक एवं प्रभारी डीसीबी/डीसीआरबी दयालू राम साहू, संबंधित प्रकरणों के मालखाना मुंशी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और गवाह पंच उपस्थित रहे। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट