कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर ,27 अगस्त। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम भरसा तरहुल में गांजे की अवैध खेती का खुलासा हुआ। पुलिस ने एक ग्रामीण के घर की बाड़ी में अरहर एवं अन्य फसलों के बीच उगाए गए गांजे के 850 छोटे-बड़े पौधे बरामद किए हैं। जब्त पौधों का जड़ एवं मिट्टी सहित कुल वजन 8 किलो 660 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भरसा तरहुल निवासी सुभाष कोरेटी (40 वर्ष) अपने घर की बाड़ी में अन्य फसलों की आड़ में गांजे की अवैध खेती कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया।
इसके बाद पुलिस ने जब बाड़ी की तलाशी ली तो अरहर सहित अन्य फसलों के बीच बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस टीम ने मौके से 850 गांजे के पौधों को जड़ एवं मिट्टी सहित जब्त किया। मामले में थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 173/2026 दर्ज कर धारा 8, 20(्र) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी सुभाष कोरेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है।