कांकेर

शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
18-Aug-2026 9:15 PM
शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ

विधायक ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण पर दिया जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

चारामा, 18 अगस्त। कांकेर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारामा में मंगलवार को शिशु संरक्षण माह का विधिवत एवं जिला स्तरीय शुभारंभ भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक ने शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, कुपोषण से मुक्ति, नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मैदानी अमले को अभियान को पूरी निष्ठा से संचालित करने का आह्वान किया।

 विधायक श्रीमती  मंडावी ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित बचपन ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य निगरानी के साथ उन्हें समय पर विटामिन ए की खुराक, आयरन सिरप, आवश्यक टीके एवं पोषण मिलना बेहद जरूरी है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और निर्धारित समय पर टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य लें। बच्चों में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या दिखने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. ओ.पी. सांकवार ने बताया कि 18 अगस्त से 24 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर निम्नलिखित प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

विटामिन ए की खुराक: 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 6 माह के अंतराल में विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा (जिससे रतौंधी से बचाव और रोगों से लडऩे की क्षमता बढ़ती है)।

आयरन सिरप वितरण: 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार 1-1 मिली लीटर आयरन सिरप दिया जाएगा।

टीकाकरण:  नियमित टीकाकरण के साथ छूटे हुए बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाएगा।

कुपोषण की जांच व उपचार: 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन कराकर गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र  में भर्ती कर उपचार कराया जाएगा।

शुभारंभ समारोह में नरेन्द्र यादव (पूर्व सदस्य, गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़), हिरवेन्द्र साहू (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा), के.एल. मरकाम, डॉ. ओ.पी. शंखवार, बी पी एम तृप्ति साहू, सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर, सुपरवाइजर, एएनएम, मितानिन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शिशु संरक्षण माह के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट