कांकेर
कांकेर, 18 अगस्त। महिला को पिछले करीब एक वर्ष से फोन पर गाली-गलौज, धमकी और अपमानित करने तथा अश्लील फोटो भेजने की धमकी देकर परेशान करने के मामले में कांकेर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में महिलाओं से संबंधित अपराधों में की जा रही कार्रवाई के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने 15 जनवरी 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी मोहित सिंह पिछले करीब एक वर्ष से उसे फोन पर लगातार गाली-गलौज और धमकी दे रहा था।
आरोपी द्वारा पीडि़ता के पति के मोबाइल पर अश्लील फोटो भेजने अथवा अपलोड करने की धमकी भी दी जा रही थी।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 78, 79 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कांकेर के अन्नपूर्णापारा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मोहित सिंह (24)उत्तर प्रदेश को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।