कांकेर
अपहरण व रेप का आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 17 अगस्त। पखांजूर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और रेप के मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अपहृत बालिका को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। कार्रवाई थाना पखांजूर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च की रात नाबालिग बालिका अपनी मां को बाथरूम जाने की बात कहकर घर से बाहर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद पिता दीपक सरकार ने 1 अप्रैल को थाना पखांजूर में शिकायत दर्ज कराई। मामले में गुम इंसान क्रमांक 14/2026 तथा अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से बालिका और संदेही आरोपी मिन्टू मंडल के उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में होने की जानकारी जुटाई। सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की टीम उत्तरह्न प्रदेश रवाना हुई और कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मिन्टू मंडल (21) पखांजूर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।