कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 17 जुलाई। कूड़ेकुर्से पुलिस ने 213 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा पर जेल भेज दिया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 8 हजार 465 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को थाना कूड़ेकुर्से पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुरुगदोह में एक व्यक्ति अपने खेत (लाड़ी) में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी टुकेश्वर कुमार जैन को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 213 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया। उसके विरुद्ध वर्ष 2022 में दुर्गूकोंदल थाना में जुआ एक्ट के तहत तथा वर्ष 2026 में थाना कूड़ेकुर्से में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज होना पाया गया।