कांकेर

निर्माण स्थल से डेढ़ लाख का डीजल जनरेटर चोरी, 4 बंदी
17-Jul-2026 10:47 PM
निर्माण स्थल से डेढ़ लाख का डीजल जनरेटर चोरी, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 17 जुलाई। जिले की आमाबेड़ा पुलिस ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के निर्माण स्थल से करीब 1.50 लाख मूल्य के डीजल जनरेटर की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का जनरेटर, घटना में प्रयुक्त  वाहन, जनरेटर लोड करने में इस्तेमाल की गई लोहे की चेन सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, कोरबा स्थित इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर बी.बी. वर्मा ने थाना आमाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत पुल निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाला डीजल जनरेटर नालाग्राम के समीप कार्यस्थल पर रखा गया था। 17 मई को कार्य समाप्त होने के बाद जनरेटर सुरक्षित रखा गया था, लेकिन अगले दिन सुबह करीब 6 बजे कर्मचारियों के पहुंचने पर वह गायब मिला।

शिकायत के आधार पर थाना आमाबेड़ा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी एवं साइबर जांच तथा मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर रखा जनरेटर कई दिनों से उनकी नजर में था। आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उन्होंने योजना बनाकर रात के समय टाटा ऐस वाहन से पहुंचकर लोहे की चैन की मदद से जनरेटर वाहन में लोड किया और चोरी कर ले गए। बाद में जनरेटर को एक आरोपी के घर के पीछे छिपाकर रखा गया था तथा उसे रायपुर ले जाकर बेचने की तैयारी थी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया डीजल जनरेटर, टाटा ऐस वाहन, चैन तथा अन्य सामग्री बरामद कर ली। चारों आरोपियों लोकेश नाग पटौद, रितेश पटेल  ठेलकाबोड़ (बड़ेपारा), करण नाग ठेलकाबोड़ तथा सुभाष कुलदीप चावड़ा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट