कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 17 जुलाई। शहर में बीती शाम शराब के नशे में धुत कार चालक ने करीब 15 मिनट तक सडक़ों पर आतंक मचा दिया। तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी, और जिससे पांच लोग घायल हो गए। कार के सिंगारभाट के पास गड्ढे में फंसने के कारण पुलिस ने चालक को पकडक़र थाना लाई। जांच में चालक के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे नए बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार कार ने सबसे पहले सडक़ पार कर रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने आगे चल रहे एक ई-रिक्शा को अपनी चपेट में लिया। कार यहीं नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए एक बाइक तथा ज्ञानी चौक पहुंचने तक एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। लगातार हो रही टक्करों से शहर में अफरा-तफरी मच गई। सडक़ पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार आरोपी चालक ने करीब पांच लोगों को टक्कर मारी है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल जांच में चालक अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद शहर में काफी देर तक लोगों में आक्रोश का माहौल बना रहा।