कांकेर

कांकेर में प्रदेश का पहला क्यूआर कोड आधारित ई-मालखाना शुरू
13-Jul-2026 11:09 PM
कांकेर में प्रदेश का पहला क्यूआर कोड आधारित ई-मालखाना शुरू

डिप्टी सीएम साव ने किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 13 जुलाई। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने रविवार को जिला प्रवास के दौरान सिटी कोतवाली थाना परिसर में प्रदेश के पहले क्यूआर कोड आधारित डिजिटल ई-मालखाना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला पुलिस को प्राप्त एक नवीन बस सहित चार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उप मुख्यमंत्री ने ई-मालखाना का निरीक्षण कर जब्त संपत्तियों की ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली की जानकारी ली और कांकेर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पारदर्शी, आधुनिक एवं प्रभावी व्यवस्था बताया।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि ई-मालखाना एक आधुनिक डिजिटल प्रबंधन प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभिन्न प्रकरणों में जब्त वाहनों, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, मादक पदार्थ, दस्तावेज सहित अन्य केस प्रॉपर्टी का सुरक्षित एवं व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री को शीघ्रता से खोजकर प्रस्तुत करना आसान होगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक बॉक्स के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार किया गया है। कोड स्कैन करते ही संबंधित अपराध प्रकरण का विवरण, जब्त सामग्री की जानकारी, संख्या एवं तिथि सहित पूरा रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध हो जाता है। इससे डिजिटल अभिलेखों का रखरखाव आसान होगा और पेपरलेस कार्यप्रणाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

पुलिस विभाग के अनुसार, प्रदेश के थानों में अब तक बारकोड आधारित व्यवस्था थी, जबकि क्यूआर कोड आधारित डिजिटल मालखाना प्रबंधन प्रणाली पहली बार कांकेर में लागू की गई है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, एएसपी आकाश श्रीश्रीमाल (आईपीएस), जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एएसपी योगेश साहू, डीएसपी मोहसिन खान सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट