कांकेर
कांकेर, 10 जुलाई। कांकेर पुलिस ने सुभाष वार्ड स्थित चिकन मार्केट के पास जुआ खेलते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3,900 नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर ताश के माध्यम से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरजू यादव (40), निवासी सुभाष वार्ड, विनोद कुमार साहू (35), निवासी अन्नपूर्णापारा, रवि सारथी (25), निवासी एम.जी. वार्ड तथा शिवा सारथी (41), निवासी संजयनगर, कांकेर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 3,900 नगद, 52 पत्ती ताश और पुराना अखबार जब्त किया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।