कांकेर

3 चोरी का खुलासा, एक नाबालिग समेत 5 आरोपी पकड़ाए
05-Jul-2026 9:39 PM
3 चोरी का खुलासा, एक नाबालिग समेत 5 आरोपी पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 5 जुलाई। चारामा पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नगर में हुई तीन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 84 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान तथा 11,200 रुपये नकद बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 30 जून की रात चारामा नगर के दुकानों एवं सूने मकानों के ताले तोडक़र गैस सिलेंडर, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, कांसे के गिलास, चांदी की मूर्तियां तथा नकदी की चोरी की थी। मामले में थाना चारामा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 2,000 से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। संदेह के आधार पर सूरज देवांगन उर्फ टोटो और संजू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने प्रमोद गंगाधर, प्रीतम सिंह और एक नाबालिग के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई नगदी और सामान का आपस में बंटवारा कर लिया गया था तथा कुछ रकम खर्च कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों से दो गैस सिलेंडर, एक ड्रिल मशीन, एक हेमर मशीन, दो लोहे के रॉड, दो कांसे के गिलास, दो चांदी की मूर्तियां, दो मोबाइल फोन, बिना नंबर की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 11,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों ने फरसगांव क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मुख्य आरोपी सूरज देवांगन उर्फ टोटो थाना चारामा का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध चोरी सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी पूर्व से चोरी के मामले दर्ज पाए गए हैं।


अन्य पोस्ट