कांकेर
कांकेर, 5 जुलाई। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से लंबे समय तक रेप करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने थाना कोयलीबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लगभग दो वर्ष पहले उसकी पहचान ग्राम हवेचुर निवासी उमेश कुमार मरकाम (23) से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर शादी का वादा किया। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी शादी का झांसा देकर उसे विभिन्न स्थानों पर ले जाता रहा और कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
रिपोर्ट के अनुसार, 3 अप्रैल को कोयलीबेड़ा मेले में मिलने के बाद आरोपी युवती को ग्राम मुरनार के जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया। पीडि़ता ने बताया कि पिछले लगभग दो वर्षों में आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर 15 से 20 बार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद पीडि़ता ने थाना कोयलीबेड़ा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला पाए जाने पर बीएनएस की धारा 69 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान आरोपी उमेश कुमार मरकाम, निवासी ग्राम हवेचुर, कांकेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।