कांकेर

जन सहयोग ने चलाया दूध नदी का सफाई अभियान
02-Jul-2026 10:22 PM
जन सहयोग ने चलाया दूध नदी का सफाई अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 2 जुलाई। शहर के मध्य स्थित दूध नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था जन सहयोग का अभियान आज भी लगातार जारी रहा है।

 सुबह संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के नेतृत्व में पुराने पुल के आसपास व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। संसाधनों की कमी के बावजूद समाजसेवियों ने उत्साह के साथ कई घंटे तक श्रमदान कर बड़ी मात्रा में नदी में फैले हुए कूड़ा कचरा हटाकर उसका उचित निपटान किया।

 इस अभियान को निरंतर जारी रखने में  संस्था के धर्मेंद्र देव, डॉ. श्याम देव, शैलेंद्र देहारी, पप्पू साहू, अभिषेक सोनी, बहादुर निषाद, ऋतिक सोनी सहित अन्य युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई है।

  संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने बताया कि बारिश के तेज होने से पहले नदी में जमा अधिक से अधिक कचरा हटाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उनका कहना है कि नदी में फंसे कचरे के कारण बरसात के दौरान पानी का बहाव बाधित होता है, जिससे बाढ़ का पानी बस्तियों तक पहुंच जाता है। समय रहते सफाई होने से पानी का प्रवाह सुचारु रहेगा और बाढ़ की आशंका भी कम होगी। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ। संस्था ने नागरिकों से अपील की कि वे नदी में कचरा न फेंकें और दूध नदी को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दें।


अन्य पोस्ट