कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 23 जून। कोरर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून की सुबह कोरर निवासी ओमप्रकाश राजपूत (50) योग करने मंडी की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि उनके भाई राकेश राजपूत अपने पुराने मकान को तोडक़र नया मकान बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान करीब साढ़े छह बजे तदबीर सिंह राजपूत अपने बेटे सुशांत राजपूत और पत्नी अर्चना राजपूत के साथ वहां पहुंचे। तीनों के हाथ में लकड़ी के डंडे थे।
विवादित जमीन पर निर्माण सामग्री गिराने और मकान निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने राकेश राजपूत पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची राकेश राजपूत की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।
पीडि़त की शिकायत पर थाना कोरर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू तथा एसडीओपी कांकेर मोहसीन खान के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी तदबीर सिंह राजपूत (65), अर्चना राजपूत (55) और सुशांत सिंह राजपूत (34), निवासी कोरर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।