कांकेर

10 लाख से अधिक की अवैध शराब और कार जब्त
22-Jun-2026 10:20 PM
10 लाख से अधिक की अवैध शराब और कार जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 22 जून। कांकेर जिला की अंतागढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब एवं वाहन जब्त किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत 20 जून  को अंतागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम कढ़ाई खोदरा में पुलिस ने नाकाबंदी कर सफेद रंग की ऑर्टिगा कार क्रमांक सीजी-07-सीजेड-3590 को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित 40 पेटियों में भरी अंग्रेजी गोवा व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी महेश सेन सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई में कुल 1,970 पौवों की अंग्रेजी गोवा व्हिस्की, जिसकी कीमत 2 लाख 65 हजार 950 रुपये आंकी गई है, जब्त की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त ऑर्टिगा कार भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई गई है।

इस प्रकार कुल 10 लाख 65 हजार 950 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब को अनूपपुर से लेकर आ रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आबकारी, एनडीपीएस तथा अन्य आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।


अन्य पोस्ट