कांकेर

जब्त 465 लीटर अवैध शराब नष्ट
20-Jun-2026 10:19 PM
जब्त 465 लीटर अवैध शराब नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 20 जून। कांकेर पुलिस ने विभिन्न आबकारी प्रकरणों में जब्त 465 लीटर अवैध शराब एवं महुआ पास का विधिवत नष्टीकरण किया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू की उपस्थिति में शनिवार को चौकी दुधावा परिसर में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज विभिन्न प्रकरणों में जब्त देशी, विदेशी शराब एवं महुआ पास को नियमानुसार नष्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार चौकी दुधावा के 46 प्रकरणों से जब्त 346 लीटर, थाना नरहरपुर के 16 प्रकरणों से जब्त 87 लीटर तथा चौकी हल्बा के 7 प्रकरणों से जब्त 32 लीटर अवैध शराब एवं महुआ पास को नष्ट किया गया। इस प्रकार कुल 69 आबकारी प्रकरणों में जब्त लगभग 465 लीटर अवैध मदिरा का नष्टीकरण किया गया।

नष्ट की गई शराब में रॉयल स्टैग, बैगपाइपर, मैकडॉवेल्स नंबर-1 सहित विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब, बीयर, देशी प्लेन शराब तथा महुआ शराब शामिल थी।


अन्य पोस्ट