कांकेर

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
18-Jun-2026 10:06 PM
बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 18 जून। प्रदेश कांग्रेस ने बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है

गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में मोहला मानपुर के कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर बिजली की दरें बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।

कांग्रेस विधायक का कहना है कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। पार्टी के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की गई है। किसानों के कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि का आरोप लगाया गया।

पत्रकार वार्ता में  उन्होंने  कहा कि प्रदेश में पहले से ही बिजली बिलों को लेकर जनता परेशान है और हाल के महीनों में कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढक़र आ रहा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी, जिसके बाद लगातार बिजली दरों में वृद्धि की जा रही है।

कांग्रेस विधायक ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगने के बाद वास्तविक खपत से अधिक बिल आने की शिकायत कर रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार (लोड) बढ़ाया जा रहा है, जिससे बिजली बिलों में अतिरिक्त राशि जुड़ रही है।

पत्रकार वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर लिए गए निर्णय की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार को भी जनता के हित में स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। पार्टी ने बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बसंत यादव ,शहर अध्यक्ष यासीन कराणी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लोमेंद्र यादव आदि कांग्रेस के पदाधिकारी व महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।


अन्य पोस्ट