कांकेर

झपटमारी का फरार आरोपी रायपुर से बंदी
18-Jun-2026 10:05 PM
झपटमारी का फरार आरोपी रायपुर से बंदी

कांकेर, 18 जून। दुर्गुकोन्दल पुलिस ने झपटमारी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को रायपुर से पकडक़र न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जून को ग्राम घोटिया निवासी कुमारीबाई अपने खेत विक्रमगंज से काम कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान भानुप्रतापपुर-दुर्गुकोन्दल मुख्य मार्ग पर विक्रमगंज के पास एक सफेद रंग की कार उनके समीप आकर रुकी। कार में तीन युवक और एक युवती सवार थे।

बताया गया कि कार से उतरे एक युवक ने बातचीत के बहाने महिला के गले में पहनी माला को सोने की माला समझकर झपट लिया और अपने साथियों के साथ कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।

पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना दुर्गुकोन्दल में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 304 एवं 112(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 जून को आरोपी आशीष भट्टाचार्य तथा 8 जून को आरोपी सूर्यकांत उर्फ सूर्यागुप्ता एवं माही उर्फ मनीषा बंजारे को गिरफ्तार कर लिया था। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी पवन कुमार देवांगन रायपुर को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।


अन्य पोस्ट