कांकेर
कांकेर, 14 जून। नगर पालिका क्षेत्र के संजय नगर वार्ड क्रमांक-6 स्थित एक नजूल भूमि एवं भवन को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में एक उत्तराधिकारी ने शिक्षा विभाग में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ जगदीश सोनी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए भूमि स्वामित्व, भवन निर्माण, उत्तराधिकार एवं नगर पालिका नियमों के पालन की जांच की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा तहसीलदार को आवेदन सौंपा गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित संपत्ति नगर पालिका अभिलेखों में स्व. त्रिवेणी बाई, पति स्व. जीवन लाल सोनी के नाम दर्ज है। उनका कहना है कि परिवार के कई वैध उत्तराधिकारी होने के बावजूद संपत्ति का विधिवत बंटवारा नहीं हुआ है और न ही कोई लिखित बंटवारा दस्तावेज उपलब्ध है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित भूमि नजूल प्रकृति की है तथा उसके वैध पट्टे संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। शिकायतकर्ता ने भूमि पर किए गए निर्माण और अतिरिक्त निर्माण की वैधता की जांच की मांग की है। साथ ही आरोप है कि अन्य उत्तराधिकारियों की लिखित सहमति या अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना निर्माण कार्य कराया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि भवन निर्माण एवं अतिरिक्त मंजिल निर्माण के लिए नगर पालिका या सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लिए जाने संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।
शिकायतकर्ता ने निर्माण अनुमति, भवन अनुज्ञा, नक्शा स्वीकृति तथा संपत्ति अभिलेखों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।


