कांकेर

3 माह से वेतन नहीं, कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन
14-Jun-2026 10:18 PM
3 माह से वेतन नहीं, कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 14 जून। जनगणना विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में राजमिस्त्री मजदूर रेजा कुली एकता यूनियन ने जनगणना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने विभाग में कार्यरत करीब 20 कर्मचारियों का लंबित वेतन तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।

यूनियन के राज्य महासचिव ओम प्रकाश देवांगन ने बताया कि रायपुर स्थित सिक्योर्ड सर्विसेस एजेंसी द्वारा कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि वेतन भुगतान में देरी के लिए ठेका एजेंसी के साथ-साथ प्रमुख नियोक्ता के रूप में जनगणना विभाग भी जिम्मेदार है।

देवांगन ने आरोप लगाया कि श्रम कानून के अनुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान अनिवार्य है, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में कर्मचारियों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान करने तथा देरी के लिए क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई है। यूनियन ने मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।


अन्य पोस्ट