कांकेर
चारामा, 13 जून। नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 4 में नालियों के जाम होने की समस्या गंभीर होती जा रही है। मानसून के आगमन से ठीक पहले इस स्थिति ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई, तो बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या विकराल रूप ले सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिसके कारण कचरा और गंदगी जमा होकर पानी के बहाव को रोक रहे हैं।
अपनी समस्या को गंभीरता से उठाने के लिए रहवासी नगर के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में जाम नालियों की तस्वीरें साझा कर रहे हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से वे प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो मानसून के दौरान बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि वार्ड का मुआयना कर तत्काल नालियों की सफाई कार्य शुरू किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


