कांकेर
कांकेर, 9 जून। झपटमारी की वारदात में फरार चल रहे दो आरोपियों को दुर्गुकोंदल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में छीनी गई माला भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे और उनकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जून को ग्राम घोटिया निवासी कुमारी बाई अपने खेत विक्रमगंज से काम कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान भानुप्रतापपुर-दुर्गुकोंदल मुख्य मार्ग पर विक्रमगंज के पास एक सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी। कार में तीन युवक और एक युवती सवार थे। बातचीत के बहाने कार से उतरे एक युवक ने महिला के गले में पहनी माला को सोने की माला समझकर झपट लिया और अपने साथियों के साथ कार में बैठकर फरार हो गया।
पीडि़ता की शिकायत पर थाना दुर्गुकोंदल में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान 4 जून को एक आरोपी आशीष भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल एवं एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर रायपुर में दबिश देकर फरार आरोपी सूर्यकांत गुप्ता उर्फ सूर्या (21) निवासी रावणभाठा रायपुर तथा माही उर्फ मनीषा बंजारे (23) निवासी मोवा रायपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीडि़ता से छीनी गई माला बरामद कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


