कांकेर

नाबालिग का अपहरण-रेप, फरार आरोपी हरियाणा से बंदी
08-Jun-2026 10:25 PM
नाबालिग का अपहरण-रेप, फरार आरोपी हरियाणा से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 8 जून। नरहरपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण एवं रेप प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में थाना नरहरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल को प्रार्थी ने थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री 13 अप्रैल से घर से लापता है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अपहरण की आशंका व्यक्त की गई थी। शिकायत के आधार पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक पल्टूराम मंडावी, आरक्षक डुमेश साहू, पवन मरकाम एवं जशवंत उईके की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार जांच की। जांच के दौरान नाबालिग बालिका का पता बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के ग्राम जमुनिया में चला, जहां से 18 मई 2026 को उसे सुरक्षित बरामद किया गया।

पीडि़ता के बयान एवं विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 87, 64(2)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई। घटना के बाद से आरोपी फरार था।

जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान आरोपी के हरियाणा के फरीदाबाद जिले में होने की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नरहरपुर पुलिस की टीम हरियाणा पहुंची और ग्राम निमका, थाना सदर बल्लभगढ़ में घेराबंदी कर आरोपी सुदामा कुमार चौधरी (21 वर्ष), निवासी ग्राम जमुनिया (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को नरहरपुर लाकर पूछताछ की गई तथा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर न्यायालय में पेश किया गया। जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट