कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 1 जून। प्रेमी के साथ मिलकर एक वर्ष पूर्व की गई पति की हत्या में पत्नी सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक का पत्नी के साथ तलाक को लेकर चलते विवाद पर हत्या हुई थी। हत्या को दुर्घटना का रूप देने मृतक को पहले जमकर शराब पिलाई गई, उसके बाद उसे अचेत अवस्था में बिजली करंट दिया गया था।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने बताया कि थाना बांदे क्षेत्र में वर्ष 2025 में घटित एक जघन्य एवं अंधे हत्या के प्रकरण का खुलासा किया गया है।
24 मई 2025 को थाना बांदे क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मुकेश विश्वास निवासी दल्लीराजहरा जिला बालोद के रूप में हुई। घटनास्थल निरीक्षण के दौरान मृतक के दोनों हाथों एवं उंगलियों में जलने के निशान पाए गए। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक परीक्षणों में मृत्यु का कारण विद्युत करंट लगना पाया गया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य प्राप्त नहीं होने के कारण मामला पूर्णत: ब्लाइंड मर्डर के रूप में सामने आया।
थाना प्रभारी बांदे एवं सायबर सेल प्रभारी के नेतृत्व में एक संयुक्त विशेष टीम गठित कर एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अंधे कत्ल के निराकरण के लिए पुन: विवेचना प्रारंभ की गई। गठित टीम द्वारा विवेचना के दौरान मृतक के पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत संबंधों की विस्तृत पड़ताल की गई। सायबर सेल के तकनीकी विश्लेषण और पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास एवं आरोपी इन्द्रजीत दास के बीच अवैध सम्बन्ध था। इसकी जानकारी मृतक को हो चुकी थी। इसी कारण पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ रहा था।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी से तलाक लेने की तैयारी कर रहा था। इस परिस्थिति में आरोपियों ने मुकेश विश्वास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत मुकेश को धोखे से बुलाकर आरोपी रंजीत सरकार के खेत स्थित लाड़ी में ले जाया गया। वहां आरोपियों द्वारा मृतक को अत्यधिक मात्रा में शराब पिलाकर उसके अचेत अवस्था के दौरान आरोपी रंजीत विश्वास के खेत में ट्यूबवेल मशीन के लिए प्रयुक्त विद्युत तार से करंट देकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद घटना को दुर्घटना अथवा सामान्य मृत्यु का स्वरूप देने का प्रयास किया गया।
तकनीकी निगरानी, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों एवं संदिग्धों से गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना की कडिय़ों को जोड़ते हुए पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर उनके निशानदेही में हत्या में प्रयुक्त विद्युत तार, मोबाइल एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किया गया।
इस हत्या में मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास, प्रेमी इन्द्रजीत दास, सुरेन्द्र बछाड़ एवं रंजीत सरकार को गिरफ्तार कर न्यायलय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


