कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 31 मई। जिला कांकेर में समाधान ऐप के माध्यम से किराएदार एवं होटल सत्यापन सुविधा को प्रभावी रूप से लागू करने एवं जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 40 से अधिक होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, विवाह स्थल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को समाधान ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस विभाग आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नागरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा समाधान ऐप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक के दौरान बताया कि कई बार अपराधी, फरार आरोपी अथवा संदिग्ध व्यक्ति अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर होटल, लॉज अथवा किराए के मकानों में ठहरने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में यदि प्रत्येक अतिथि एवं किराएदार का समय पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तो अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होती है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब किसी भी अतिथि अथवा किराएदार का सत्यापन मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन किया जा सकता है। इससे सत्यापन प्रक्रिया सरल, सुरक्षित, पारदर्शी एवं समयबद्ध हो गई है, साथ ही पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच समन्वय भी मजबूत होगा। होटल /लॉज में कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं पूर्ण पते का पुलिस सत्यापन करवाने कहा गया। साथ ही होटल / लॉज के मुख्य मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा कर उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने सभी होटल, लॉज,धर्मशाला,गेस्ट हाउस, हॉस्टल एवं किराएदार रखने वाले मकान मालिकों से अपील करती है कि वे समाधान ऐप डाउनलोड कर प्रत्येक अतिथि एवं किराएदार का सत्यापन अनिवार्य रूप से करें।


