कांकेर

चोरी और गुम 40 लाख के 218 मोबाइल कांकेर पुलिस ने ढूंढकर मालिकों को सौंपे
27-May-2026 11:07 PM
चोरी और गुम 40 लाख के 218 मोबाइल कांकेर पुलिस ने ढूंढकर मालिकों को सौंपे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 27 मई। कांकेर जिले भर से चोरी और गुम हो चुके 40 लाख रुपए के 218 मोबाइल को कांकेर पुलिस ने बरामद किया है। कांकेर पुलिस ने मिशन रिकनेक्ट अभियान के तहत बरामद हुए मोबाइल को आज  मालिकों को लौटाए।

उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा आमजन की डिजिटल सुविधा एवं गुम व चोरी हुए मोबाईलों की बरामदगी  के लिए चलाए जा रहे मिशन रिकनेक्ट अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है। तकनीकी अनुसंधान एवं  सीईआईआर पोर्टल की सहायता से सायबर सेल कांकेर एवं थानों-चौकियों द्वारा की गई प्रभावी कार्यवाही  से यह उपलब्धि हासिल हुई। बरामद मोबाईलों की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रूपये की बताई गई।

पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीमाल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर)  दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में सायबर सेल कांकेर एवं जिले के विभिन्न थाना स्टाफ द्वारा सघन अभियान चलाकर गुम मोबाइलों की पतासाजी कर उन्हें बरामद किया गया। जिसे 27. मई को पुलिस अधीक्षक द्वारा गुम मोबाइल के वास्तविक स्वामियों को  वापस सुपुर्द किया गया।

 पुलिस द्वारा तकनीकी अनुसंधान सीईआईआर पोर्टल एवं सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से 01 जनवरी 2026 से 26 मई 2026 तक प्राप्त गुम मोबाईल शिकायतों पर कार्रवाई की गई। उक्त अवधि में पूर्व में 116 मोबाईल संबंधित थाना स्तर पर तथा 27 मई को 102 अतिरिक्त मोबाईल  कुल 218 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा लौटाए गए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

 सीईआईआर एक सिटीजन पोर्टल है, जिसके माध्यम से खोए अथवा चोरी हुए मोबाईल फोन को सभी टेलीकॉम नेटवर्क में ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे उसका दुरुपयोग रोका जा सके। यदि कोई व्यक्ति ब्लॉक मोबाईल का उपयोग करने का प्रयास करता है, तो उसकी जानकारी ट्रैक की जा सकती है। मोबाइल बरामद होने के पश्चात उसे पुन: अनब्लॉक कर वास्तविक धारक को उपयोग हेतु सौंपा जाता है।


अन्य पोस्ट