कांकेर

जमीन बिक्री की राशि हड़पने बुजुर्ग की हत्या, सरपंच सहित 4 बंदी
26-May-2026 11:02 PM
जमीन बिक्री की राशि हड़पने बुजुर्ग की हत्या, सरपंच सहित 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 26 मई। कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी हलबा पुलिस ने जमीन बिक्री की रकम हड़पने और धोखाधड़ी को छुपाने के लिए एक बुजुर्ग की जहर देकर हत्या करने के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस आपराधिक षडयंत्र में शामिल ग्राम डूमरपानी के सरपंच सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जमीन के सौदे में हुई धोखाधड़ी से जुड़ा है।  मृतक मिलन पटेल (75 वर्ष, निवासी डुमरपानी) ने अप्रैल 2025 में अपनी जमीन 16 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। इस सौदे में ग्राम सरपंच कंशराम नेताम, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी गवाह व सहयोगी के रूप में शामिल थे।

आरोपियों ने जमीन की वास्तविक कीमत मृतक और उसके परिजनों से छुपाकर राशि में हेरफेर किया और खरीदार द्वारा दिया गया चेक भी सरपंच ने अपने पास रख लिया था। बाद में शिकायत होने पर चेक मृतक की बेटी को सौंपा गया।

 जब मृतक की बेटी को इस हेरफेर की भनक लगी और उसने गांव में बैठक बुलाने का निर्णय लिया, तो सरपंच कंशराम नेताम को अपना कृत्य उजागर होने का डर सताने लगा। इसके बाद उसने मिलन पटेल की हत्या की साजिश रची।

 आरोप है कि 27 जुलाई 2025 को सरपंच कंशराम नेताम ने अपने साथी बिहारी लाल और सोनाराम की उपस्थिति में गांव के ही वतन पटेल को 10,000 रुपये नगद, दो पौवा शराब और जहर की डिब्बी देकर मिलन पटेल को जान से मारने का काम सौंपा।

योजना के मुताबिक, वतन पटेल ने मिलन पटेल के घर जाकर शराब में जहर मिलाकर उन्हें पिला दिया। जहर के असर से बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई और 28 जुलाई 2025 को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 29 जुलाई 2025 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 63/2025 (धारा 194 बीएनएसएस) दर्ज कर जांच शुरू की थी। मर्ग जांच के दौरान मृतक की पुत्री जागेश्वरी पटेल और गवाहों द्वारा वतन पटेल पर लगातार संदेह व्यक्त किया जा रहा था।

 पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जब संदेही वतन पटेल से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने शराब में जहर मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार की और इस पूरी साजिश में शामिल अन्य नाम उजागर किए।

 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी हलबा में अपराध क्रमांक 104/2026, धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान आशय) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी चारों आरोपियों मुख्य साजिशकर्ता सरपंच कंशराम नेताम,  सोनाराम सिन्हा, बिहारी लाल शोरी, वतन पटेल को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। 26 मई को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट