कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 25 मई। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा पेट्रोल और डीजल के दामों में हाल ही में हुई वृद्धि के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पेट्रोल पंप के सामने एकत्र होकर वहां आने वाली जनता को ‘मेलोडी चॉकलेट’ बांटकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आज जारी एक प्रेस बयान में शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला गया है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। वर्ष 2014 से लेकर अब तक पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि की गई है, जिससे आम जनता का घरेलू बजट बिगड़ चुका है।
कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि जब देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, तब सरकार का ध्यान मुख्य मुद्दों से हटा हुआ है। उन्होंने हालिया दिनों में चर्चा में रहे वैश्विक और सोशल मीडिया संदर्भों (मेलोडी चॉकलेट) को जोड़ते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
बयान में कहा गया है कि पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों (जैसे ईरान-अमेरिका/इजराइल तनाव) का हवाला देना बेतुका है। कांग्रेस का आरोप है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी अतिरिक्त शुल्क लगाकर आम जनता की जेब पर बोझ डाला गया और निजी तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया।
कांग्रेसी नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की है कि आम उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने के लिए पेट्रोलियम पदार्थों पर लगाए गए अतिरिक्त करों और शुल्कों में कटौती की जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से यासीन करानी, मृदुला भास्कर, मनोज जैन, सुनील गोस्वामी, अजय भाषवानी, इशहाक अहमद, मुकेश तिवारी, ओम प्रकाश देवांगन, लक्ष्मी सहारे, भारती सलाम, यासमीन खान, सीमा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


