कांकेर

वेतन में देरी, सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, समय पर भुगतान की मांग
21-May-2026 9:43 AM
वेतन में देरी, सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, समय पर भुगतान की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 20 मई। नगर पालिका के प्लेसमेंट सफाई कर्मियों ने समय पर वेतन न मिलने के कारण मुख्य नगर पालिका अधिकारी  के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। नगरीय निकाय कर्मचारी यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष अरुण ने इस संबंध में प्रेस बयान जारी किया है।

यूनियन नेता का आरोप है कि उन्हें निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिलता है। वेतन भुगतान आमतौर पर हर महीने की 20 से 25 तारीख के बीच होता है, जिससे उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सफाई कर्मियों का वेतन मात्र 11,000 रुपये है। भुगतान में देरी के कारण कर्मचारियों को अपने भरण-पोषण के लिए ऊँची ब्याज दरों पर कर्ज लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यूनियन नेता ने  कहा कि कर्मचारी सुबह 6 बजे बिना नाश्ता किए काम पर निकलते हैं।

 वेतन समय पर न मिलने से उनके सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाता है।

मजदूर नेता ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने आज मुख्य नगर पालिका अधिकारी के साथ हुई बातचीत की जानकारी देते हुए कहा कि सीएमओ ने पिछले माह का वेतन एक माह बाद जमा करने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने कहा कि अगर समय पर वेतन भुगतान नहीं हुआ तो सफाई कर्मचारी काम बंद कर देंगे । अगर प्रत्येक माह के 10 तारीख तक वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में 11 तारीख से काम बंद किया जाएगा।


अन्य पोस्ट