कांकेर

महिलाओं ने बरगद की पूजा की, पति की लंबी उम्र की कामना
17-May-2026 12:05 AM
महिलाओं ने बरगद की पूजा की, पति की लंबी उम्र की कामना

कांकेर, 16 मई । कांकेर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में वट सावित्री व्रत पारंपरिक तरीके से मनाया गया। सुहागन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखा।

सुबह से ही शहर के मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थित बरगद (वट) वृक्षों के पास पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की भीड़ देखी गई। महिलाओं ने स्नान के बाद नए वस्त्र धारण कर पूजा की थाली सजाई और वट वृक्ष को जल अर्पित किया। पूजा में अक्षत, रोली, चंदन, भीगे चने, फल और मिठाई अर्पित की गई।

पूजा के दौरान महिलाओं ने बरगद के पेड़ के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और वट सावित्री व्रत की कथा सुनी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह व्रत माता सावित्री और सत्यवान की कथा से जुड़ा हुआ है।पूजन के लिए पहुंचीं महिलाओं में ममता ठाकुर, नेहा शार्दूल और अल्पा ठाकुर ने बताया कि वे परिवार की सुख-समृद्धि और पति के स्वास्थ्य के लिए यह व्रत रखती हैं। दोपहर तक चले पूजा-अनुष्ठान के बाद महिलाओं ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और सुहाग सामग्री का दान किया।

पर्व को लेकर पिछले दो दिनों से कांकेर के बाजारों में फल, फूल और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी भी बढ़ी रही।


अन्य पोस्ट