कांकेर

लाखों की ठगी, ट्रक फाइनेंस कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार
17-May-2026 12:04 AM
लाखों की ठगी,  ट्रक फाइनेंस कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 16 मई। चोलामंडलम ट्रक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला वाहन बिक्री और नामांतरण से जुड़ा है।

भानुप्रतापपुर थाना में सुनीता यादव हरहरपानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने राहुल कुमार रोडे के साथ साझेदारी में एक 16 चक्का ट्रक खरीदने के लिए संजय भास्कर तिवारी से संपर्क किया था। ट्रक क्रमांक सीजी 21 जे 2472 नरेंद्र भोयर के नाम पर पंजीकृत बताया गया।

शिकायत के अनुसार वाहन का सौदा 29,42,722.73 रुपये में तय हुआ। इसमें 2,50,000 रुपये नकद और 6,88,838 रुपये गूगल-पे के माध्यम से आरोपी की पत्नी सरिता राजपूत, मनदीप मिश्रा, दिनेश तथा चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी के नाम पर स्थानांतरित किए गए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि राशि प्राप्त करने के बाद भी वाहन का नामांतरण उनके नाम पर नहीं कराया गया। इस संबंध में थाना भानुप्रतापपुर में 12 मई को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी संजय भास्कर तिवारी, निवासी बुधवारी बाजार नारायणपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट