कांकेर

घर से जेवर और नगदी चोरी, 4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
11-May-2026 10:48 PM
घर से जेवर और नगदी चोरी, 4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 11 मई। शहर के एक घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभी फरार बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया ने थाना कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 14 वर्षीय पुत्र, मोहल्ले के कुछ युवकों के संपर्क में आ गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर घूमने-फिरने एवं खर्च हेतु घर से पैसे और सामान निकालने के लिए प्रेरित किया।

रिपोर्ट के अनुसार पिछले करीब दो माह के दौरान घर के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात और लगभग एक लाख रुपये नगद गायब पाए गए। चोरी गए सामान में सोने की झुमकी, अंगूठियां, चेन, मंगलसूत्र, नाक की फुल्ली तथा चांदी के पायल और बिछिया शामिल बताए गए हैं।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 303(2) और 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर चोरी का कुछ सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिलीप वलेचा से एक सोने की झुमकी तथा अन्य आरोपियों योगेश सोनी उर्फ बाबू सोनी, खिलेन्द्र देवागंन और राहुल संचेती से दो सोने की अंगूठियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में  दिलीप वलेचा, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर,  योगेश सोनी उर्फ बाबू सोनी, निवासी शीतलापारा, खिलेन्द्र देवागंन, निवासी एम.जी. वार्ड,  राहुल संचेती, निवासी नरहरपुर, वर्तमान में कांकेर शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी दानिश अडवानी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट