कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 11 मई। बहन को कथित रूप से गाली देने और पत्थर फेंकने से मना करने पर भाई के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी श्रवण साहू ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 8 मई की रात करीब 10.30 बजे उसकी मां ने बताया कि घर के सामने रहने वाला मोहित ढीमर उसकी बहन के साथ अश्लील गाली-गलौच कर रहा था और पत्थर फेंक रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह आरोपी को समझाने उसके घर के सामने गया, तब आरोपी मोहित ढीमर अपने भाइयों नेतराम ढीमर और महेश ढीमर के साथ मिलकर उसे घर के आंगन में खींच ले गया और मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान मोहित ढीमर ने चाकू से हमला किया, जिससे श्रवण साहू को पेट, कमर, पसली और हाथ में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे परमेश्वर साहू को भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहित ढीमर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मछली काटने की कटारी जब्त करने की जानकारी दी है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।


