कांकेर

आदिवासी युवती के अपहरण की कोशिश, 3 गिरफ्तार
09-Apr-2026 10:40 PM
आदिवासी युवती के अपहरण की कोशिश, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 9 अप्रैल। कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवती के अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई। युवती को जबरन शादी के लिए ले जा रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने रास्ते में ही पकडक़र गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को पीडि़ता के पिता ने थाना अंतागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि रंजन मिश्रा अपने दो साथियों के साथ उसकी पुत्री को जबरदस्ती घर से खींचकर वाहन में बैठाकर ले जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने भानुप्रतापपुर के समीप केवटी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रंजन मिश्रा , प्रियांशु उर्फ गुड्डू कुमार उपाध्याय दोनों निवासी संगारेड्डी (हैदराबाद) तथा लाली टेकाम  कोरर (कांकेर) शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीडि़ता कुछ माह पूर्व हैदराबाद में कार्यरत थी, जहां आरोपी रंजन मिश्रा भी उसी कंपनी में काम करता था। आरोपी युवती को लगातार परेशान करता था। युवती के गांव लौटने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ गांव पहुंचा और जबरन शादी करने के उद्देश्य से उसका अपहरण करने की योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार वाहन (क्रमांक टीएस-08 एचके-9889) तथा एक मोबाइल जब्त किया है। तीनों आरोपियों को 8 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट