कांकेर

ऑनलाइन ठगी, यूपी से आरोपी गिरफ्तार
06-Apr-2026 10:59 PM
ऑनलाइन ठगी, यूपी से आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 6 अप्रैल। मोबाइल फोन पर एपीके ऐप भेजकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में भानुप्रतापपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 9 लाख 28 हजार 500 रुपये की ठगी की थी।

थाना भानुप्रतापपुर में प्रार्थी बिरेंद्र खलको ग्राम महुआ टोली, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर, हाल पता नेहरू नगर नारायणपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक एपीके ऐप आया। ऐप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल फोन हैक हो गया। प्रार्थी ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर से उनकी पत्नी का बैंक खाता लिंक था, जिसमें फोनपे, गूगल पे और स्टेट बैंक योनो ऐप का उपयोग किया जा रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 9 लाख 28 हजार 500 रुपये निकाल लिए।

मामले में पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन एवं अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित कर जांच की गई।

विवेचना के दौरान आरोपी आदित्य चौहान निवासी जिला नोएडा, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।


अन्य पोस्ट