कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चारामा, 29 मार्च। भारतीय जनता पार्टी मण्डल चारामा में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ 28 मार्च को गरिमामयी वातावरण में किया गया। दो दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, जिला अध्यक्ष महेश जैन, मण्डल प्रभारी राजा देवनानी एवं मण्डल अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए संगठन की मजबूती और सक्रियता पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों सहित पार्टी के इतिहास, संगठन संरचना, कार्यकर्ता की भूमिका, जनसंपर्क, सेवा कार्य और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य जैसे विषयों पर गहन सत्र आयोजित किए गए।मण्डल अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू ने अपने उद्बोधन में अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी को संगठन की ताकत बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन समापन अवसर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
इस प्रशिक्षण महाअभियान में विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें एक अनुशासित एवं सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में तैयार करना रहा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


