कांकेर

मोदी के दूरदर्शितापूर्ण नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली के नये दौर में कदम रखा-किरण देव
12-Jun-2025 10:04 PM
मोदी के दूरदर्शितापूर्ण नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली के नये दौर में कदम रखा-किरण देव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 12 जून। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा काय कमल सदन में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के 11 वर्ष का कार्यकाल अनेक मायनों में ऐतिहासिक रहा है। उनके दूरदर्शिता पूर्ण नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली के नये दौर में कदम रखा है। मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार का हर दिन अंत्योदय की साधना को समर्पित रहा है। सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के सभी वर्ग विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनके कार्यकाल में देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। छत्तीसगढ़ ने डबल इंजन की सरकार में चौतरफा विकास के नये आयाम गढ़े हैं। चाहे विकास की बात हो या माओवादी आतंक से निपटने की, केन्द्र सरकार के राज्य सरकार को भरपूर समर्थन और सहयोग मिला है।

किरण देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनते ही किसान भाइयों से की गई मोदी जी की गारंटी भी साकार हुई। हमने बकाया बोनस देने के साथ 3100 रुपए प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की गई है। पिछले साल छत्तीसगढ़ में रिकार्ड 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। इन 11 सालों में देश में जो बड़ा बदलाव आया है, उससे छत्तीसगढ़ सहित देश के प्रत्येक नागरिक का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। पीएम आवास के जरिए गरीब परिवारों के घर का सपना पूरा हुआ।  प्रदेश में 26 लाख से अधिक पीएम आवास मंजूर किए जा चुके हैं। इनमें से 15 लाख 38 हजार आवास बन चुके हैं।

श्री देव ने कहा कि 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को भी हर साल 10-10 हजार रुपए की राशि हमारी राज्य सरकार दे रही है। किसान भाइयों के खाते में अब तक एक लाख करोड़ रुपए की राशि प्रेषित कर चुके हैं। डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनावों में मोदी जी ने महतारी वंदन योजना के रूप में हर महीने एक-एक हजार रुपए माताओं-बहनों को देने की गारंटी दी थी। हमने यह वादा तीसरे महीने ही पूरा कर दिया ।

आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती माओवादी आतंक के खात्मे का मोदी जी और अमित शाह जी का संकल्प भी सिद्ध हो रहा है। छत्तीसगढ़ में बीते डेढ़ साल में 425 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया है। 1388 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और 1443 को गिरफ्तार किया गया है। नक्सल विरोधी अभियान में हमारे जवानों ने बसवराजू और सुधाकर जैसे बड़े नक्सलियों को न्यूट्रलाइज कर माओवाद की रीढ़ तोड़ दी है।

किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने भारत मां के वीर सपूत धरती आबा भगवान बिरसामुण्डा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजातीय अस्मिता को गौरवान्वित किया है। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए मोदी सरकार द्वारा पीएम जनमन योजना प्रारंभ की गई।

श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का अब तक का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के अनुष्ठान की तरह है। गरीब, किसान, पिछड़े, दलित और आदिवासियों का कल्याण उनकी पहली प्राथमिकता है।  प्रधानमंत्री जी ने गरीब कल्याण योजना के माध्यम से गरीबी रेखा के लोगों के लिए अगले पांच वर्षों तक नि:शुल्क खाद्यान्न योजना शुरू की है। प्रदेश में भी 71 लाख से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी किसानों की आमदनी दुगुनी करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। छोटे और सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर साल छह हजार रुपए की राशि दी जा रही है। छत्तीसगढ़ में 26 लाख किसान भाइयों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के रूप में किसानों को सुरक्षा कवर प्रदान किया।  हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए  प्रधानमंत्री के विजन पर आधारित जल जीवन मिशन के लिए अब तक छत्तीसगढ़ को केन्द्र से 6,178.33 करोड़ रूपए मिले हैं।

किरण देव ने कहा कि हमने भ्रष्टाचार के रास्ते बंद करने का काम किया है। कोयले के परिवहन की परमिट व्यवस्था को ऑनलाईन कर दिया है। इससे कोयला परिवहन में होने वाली धांधली रूकेगी तथा राजस्व का नुकसान कम होगा। आबकारी विभाग से जुड़ी लाइसेंस प्रक्रियाओं को ऑनलाईन किया है। प्रदेश में जेम पोर्टल के जरिए ही सरकारी विभागों में खरीददारी का नियम अनिवार्य रूप से लागू किया गया है।

श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री  के नेतृत्व में भारत ने चौतरफा प्रगति की नयी कहानी लिखी है। अंतराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हो या कोराना काल में वैक्सीन मैत्री, मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र को सफल बनाया है। मोदी सरकार के निर्णयों से भारत की दुनिया में साख और धाक दोनों बढ़ी है।  आज देश के सर्वोच्च पद पर जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति के रूप में विराजमान हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व से संभव हुआ है। श्री देव ने कहा कि प्रदेश में 48 हजार करोड़ रुपए की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार पर काम हो रहा है। जगदलपुर-रावघाट को कनेक्टिविटी मिल गई है। खरसिया-परमालकसा रेल नेटवर्क की स्वीकृति मिल गई है। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी।

 बिलासपुर-उरगा-पत्थलगाँव फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है।

श्री देव ने कहा कि नक्सलवाद पर मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति से बस्तर में तरक्की का नया सूर्योदय देखने को मिल रहा है। जहां कभी बंदूक की गोलियां गूंजती थी, वहां बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन विकास के प्रति लोगों की उम्मीद को जाहिर करते हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन  कांकेर विधायक आशाराम नेताम, छग हस्त शिल्पकला विकास बोर्ड अध्यक्ष शालिनी राजपूत, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, शिशुपाल सोरी,  सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।


अन्य पोस्ट