कांकेर

तंत्र-मंत्र कर गड़ा धन निकालने का झांसा दे लाखों ठगे, महाराष्ट्र के 5 बंदी
15-Nov-2024 10:19 PM
तंत्र-मंत्र कर गड़ा धन निकालने का झांसा दे लाखों ठगे, महाराष्ट्र के 5 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 15 नवंबर। गड़ा धन निकालने के लिए तंत्र मंत्र जादू टोना करने  वाले महाराष्ट्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।  जबकि इसमें संलिप्त दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरोह ने गड़ा धन निकालने के नाम से सरपंच से सात लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी लक्ष्मण मंडावी सरपंच ग्राम पंचायत मरोड़ा के घर एक वर्ष पूर्व महाराष्ट्र के कुछ लोग आए और उन्हें बोले कि उनके घर में सोना आदि गुप्त धन गड़ा हुआ है, जिसे वे लोग तंत्र मंत्र व दिव्य शक्ति के माध्यम से निकाल सकते हैं। यदि गड़ा हुआ पुराना धन नहीं निकालोगे तो आपके घर में आकस्मिक मृत्यु होगी। गड़ा धन निकालने के लिए तंत्र मंत्र जादू टोना करने के नाम पर 7 आरोपियों परवीन सेगर,अरविंद सेगर, बंडू शिंदे, युवराज शिंदे,हीरालाल जगताब, रामकृष्ण झाड़ेकर,साहेबराव सेगर सभी निवासी जिला यवतमाल महाराष्ट्र ने प्रार्थी लक्ष्मण मंडावी से 7 लाख रुपए की ठगी की। प्रार्थी लक्ष्मण मंडावी की रिपोर्ट पर थाना बांदे में धारा 448,420,147 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लेकर आरोपियों की पतासजी की जा रही थी।

पूर्व में बांदे पुलिस टीम मामले के दो आरोपियों बंडू शिंदे और हीरालाल जगताब को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की थी। जबकि 5 आरोपी फरार चल रहे थे। जिनकी पतासाजी की जा रही थी।

पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना बांदे से टीम महाराष्ट्र भेजी गई थी। महाराष्ट्र से 13 नवंबर को शेष 5 फरार आरोपियों साहेबराव सेगर,परवीन सेगर,अरविंद सेगर,युवराज शिंदे और रामकृष्ण झाड़ेकर की गिरफ्तारी कर न्यायिक रिमांड में पेश किया गया।

आरोपियों से तंत्र मंत्र के साहित्य ,ज्योतिष की किताबें ,पंचांग,ताबीज, अंगूठी , नग पत्थर,कुकर और हारमोनियम बनाने का सामान ,पूजा पाठ की सामग्री आदि वस्तुएं बरामद की गई है।


अन्य पोस्ट