कांकेर

धर्मांतरित ग्रामीण के शव दफनाने को लेकर विवाद, थाने के सामने विरोध प्रदर्शन
05-Aug-2023 9:44 PM
धर्मांतरित ग्रामीण के शव दफनाने को लेकर विवाद, थाने के सामने विरोध प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पखांजूर, 5 अगस्त।
कांकेर जिले के पखांजूर में धर्मांतरित ग्रामीण के शव को दफनाने को लेकर पीव्ही नंबर 46 वार्ड क्रमांक 01 के निवासी और भाजपाईयों ने थाने के सामने प्रदर्शन किया। समाचार लिखे जाने साढ़े 4 बजे तक प्रदर्श्र जारी है। 

मिली जानकारी के अनुसार माचपल्ली के आदिवासी समुदाय से ईसाई धर्म अपनाने वाले  की मृत्यु के बाद शव को पखांजूर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 में रात के वक्त दफनाया गया था। बताया जा रहा है कि मृत व्यक्ति माचपल्ली का रहने वाला है। 
माचपल्ली के ग्रामीणों ने शव को दफनाने नहीं दिया तो रात को पीव्ही नंबर 46 वार्ड क्रमांक 01 में शव के परिजनों ने पखांजूर में आकर प्रशासन की मदद से शव को दफना दिया।

वहीं समाचार लिखे जाने तक शाम 4 बजे तक पखांजूर में पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पखांजूर अशीम रॉय सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पखांजूर थाने के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।  उनका कहना है कि धर्मांतरित ईसाई व्यक्ति का शव को उठा कर क्रिश्चियन श्मशान  में दफनाया जाए अन्यथा हिन्दू संगठन द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका जिम्मेदार प्रशासन ही होगा,वहीं सैकड़ों ग्रामीणों ने पखांजूर पुलिस थाना के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं,  पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हंै।
इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता ने एसडीएम और तहसीलदार से मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी का कहना है कि बीती रात प्रशासन द्वारा चोरी छुपे गांव वाले को बिना जानकारी दिए शव को दफना दिया गया। नगर पंचायत ने इसकी अनुमति नहीं दी है। इस मामले का जल्द ही कोई निराकरण नहीं किया गया तो हम एवं भाजपा के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे।


अन्य पोस्ट