जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 फरवरी। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम कुरकुंगा में घर में घुसकर तोडफ़ोड़ और मारपीट किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजकुमार कुरकुंगा, ने 5 फरवरी को थाना नारायणपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि 4 फरवरी की शाम वह अपने परिवार के साथ घर में थे, तभी शंकर राम, सुरेश (पिता शंकर राम), लूनेश्वर यादव और अन्य लोगों ने जेसीबी मशीन के साथ उनके घर पहुंचकर मारपीट की।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने घर में प्रवेश कर प्रार्थी के साथ मारपीट की और लोहे के सब्बल से वार किया। आरोप है कि उन्हें घर से बाहर खींचा गया तथा जेसीबी से कुचलने का प्रयास भी किया गया। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई और जेसीबी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उनके पुत्र पिताम्बर यादव के साथ भी लाठी और लोहे की रॉड से मारपीट किए जाने का उल्लेख शिकायत में है।
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान गांव के सरपंच, बीडीसी सदस्य और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शिकायत में उनके साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191, 296, 116(2), 351(3), 109, 324 और 331 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में शंकर राम (65 वर्ष), निवासी चराईमारा, तथा लूनेश्वर यादव (24 वर्ष), निवासी बहला टोली, चिटक्वाइन, थाना नारायणपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।


