जशपुर

पत्नी ने ही की हत्या, 3 नाबालिगों संग जलाई थी लाश, सभी गिरफ्तार
11-Feb-2026 2:03 PM
पत्नी ने ही की हत्या, 3 नाबालिगों संग जलाई थी लाश, सभी गिरफ्तार

 तुरीटोंगरी जंगल में मिली थी अधजली लाश 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 फरवरी।
जशपुर शहर से लगभग 5 किमी दूर पुरना नगर के तुरीटोंगरी जंगल में मिली अधजली लाश के मामले में पुलिस ने मृतक की पहचान महावीर राम भगत निवासी ग्राम गडिय़ाटोंगरी के रूप में की है। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुमित्रा भगत, दो नाबालिग बेटियों और जशपुर के 15 साल के किशोर को हिरासत में लिया है। पत्नी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिगों को विधि अनुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर 2025 को सिटी कोतवाली जशपुर को सूचना मिली थी कि तुरीटोंगरी क्षेत्र में एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक बताए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

शव की पहचान प्रारंभ में नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के थानों में जानकारी साझा की तथा गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण एकत्र किया। दिसंबर 2025 में महावीर राम भगत के भाई ने थाने में आकर संदेह व्यक्त किया कि दिवाली के समय से उनके भाई का पता नहीं है। इसके बाद गुमशुदगी दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक अपनी पत्नी के जशपुर स्थित निवास पर गया था।

तुरीटोंगरी में मिले शव के नमूनों और मृतक के परिजनों के डीएनए नमूनों की जांच कराई गई। पुलिस के अनुसार डीएनए रिपोर्ट में मिलान होने पर शव की पहचान महावीर राम भगत के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने पत्नी सुमित्रा भगत से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उसके घर पर पति के साथ विवाद हुआ, जिसके दौरान उसने गैंती से वार किया और बाद में गला दबाने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में यह भी बताया गया कि घटना के समय घर में मौजूद उसकी दो नाबालिग बेटियां और एक 15 वर्षीय पड़ोसी किशोर ने शव को ठिकाने लगाने में मदद की। कथित रूप से शव को रात में तुरीटोंगरी जंगल ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोप स्वीकार करने और साक्ष्य मिलने के बाद सुमित्रा भगत को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कथित रूप से घटना में प्रयुक्त गैंती, पेट्रोल रखने का जरीकैन और टॉर्च जब्त किए गए हैं।

जशपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। उनके अनुसार प्रकरण में एक वयस्क महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा तीन नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट