जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 8 फरवरी। जशपुर जिले के आरा चौकी क्षेत्र के बोरोझरिया जंगल में पुलिस ने शनिवार को ओडिशा से गांजा लाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इनके पास से 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 7 फरवरी की सुबह आरा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि क्रेटा कार क्रमांक सीजी-13-्रएएम-9231 में कुछ लोग ओडिशा से गांजा लाकर जशपुर की ओर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा काशीबंध-बीरोपानी जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार इसी दौरान काशीबंध की ओर से आती हुई एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपना नाम शाहरूख शाह निवासी आजाद मोहल्ला जशपुर और तारिक अंसारी निवासी ग्राम कव्वाली मंच के पास, जशपुर बताया है। दोनों सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखी दो बोरियों से प्लास्टिक पैकेटों में भरा कुल 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा ओडिशा से लाकर जशपुर में बेचने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये और वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।
इस मामले में चौकी आरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि 52 किलो से अधिक गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


